अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने जल जीवन मिशन के तहत नगर पालिका और नगर पंचायत में बिछाई जा रही पाइपलाइन की समीक्षा की। जहां कार्यों में देरी हो रही है, उस पर नाराजगी जताई। समय से काम पूरा करने के लिए कहा।
अमृत पेयजल योजना प्रथम, द्वितीय चरण के तहत चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए कहा। सांसद ने कहा कि जिन कंपनियों द्वारा पाइपलाइन बिछाने के काम में ढिलाई बरती जा रही है, उन्हें चेतावनी दी जाए। जरूरत पड़ने पर जुर्माना भी लगाया जाए। कहा कि कार्यों की धीमी प्रगति जनहित में बाधक है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। पाइप लाइन बिछाने के दौरान जिन स्थानों पर सड़कें खोदी गई हैं या क्षतिग्रस्त हैं, वहां तुरंत मरम्मत का काम शुरू किया जाए। जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में 83 टैंकरों से रोजाना 1200 चक्कर लगाए जा रहे हैं। इसमें हर टैंकर औसतन 13 से 14 चक्कर लगा रहा है। सांसद ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अधिक टैंकरों की व्यवस्था की जाए।