पसरा रहा मातम, लोगों में रहा आक्रोश
झांसी। सीपरी बाजार क्षेत्र की दयाराम कॉलोनी में बुधवार को भी मातम पसरा रहा। पीड़ित परिवार के यहां दिन भर लोगों के आने का सिलसिला बना रहा। बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उनको सांत्वना दी और मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की। वहीं, कई संगठनों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की।
सीपरी बाजार क्षेत्र की दयाराम कॉलोनी में रहने वाले जगदीश उदैनिया, उनकी मां कुमुद, पत्नी रजनी और बेटी मुस्कान की आग से जलकर हुई मौत का गम बुधवार को भी क्षेत्र में पसरा रहा। सुबह से ही पीड़ित परिवार का दुख बांटने के लिए लोगों के आने का सिलसिला बना रहा। इस बीच कई बार पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। वहीं, यह घटना जनपद में लोगों के बीच चर्चा में बनी रही। सोशल मीडिया पर भी खबर को लेकर मेसेज और वीडियो वायरल होते रहे। हर कोई एक ही सवाल पूछ रहा था कि आखिर एक परिवार के चार सदस्यों को जलाकर क्यों मारा गया?
देर शाम बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री डा. सतीश द्विवेदी ने विधायक रवि शर्मा और जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मंत्री ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी उनकी बात सुनने के लिए हर वक्त उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान मृतक जगदीश उदैनिया के भाई दीपक ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शवों को सड़क पर रखने के बाद ही पुलिस हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तैयार हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी बेहद गंभीर आई है। मगर, पुलिस उसको छिपाने का प्रयास में लगी है। वहीं, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने राहुल रिछारिया के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। साथ ही बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल में डा. सुनील तिवारी, माबूद चौधरी, पंकज मिश्रा, शेखर नलवंशी, संजय बबेले, सुरेश भार्गव शामिल रहे। अखिल भारतीय वर्षीय धर्म संघ की ओर से जिला धर्माचार्य महंत विष्णु दत्त स्वामी, महानगर धर्माचार्य हरिओम पाठक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वंदना पाठक, रवीश त्रिपाठी, जितेंद्र तिवारी, अनिल सुड़ेले, प्रकाश बिदुआ, शीतल तिवारी, रजत गोस्वामी, संजीव शर्मा ने परिजनों से मुलाकात शोक संवेदना व्यक्त की।
लोगों में आक्रोश, उच्च स्तरीय जांच की मांग
झांसी। सीपरी बाजार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से लोगों में आक्रोश है।
राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर उक्त हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ऋषिकेश रावत, सुरेश चंद्र भार्गव, पंकज शुक्ला, पंकज मिश्रा, रमाकांत लिटौरिया, धीरज मिश्रा, रामनारायण शर्मा, गौरीशंकर बिदुआ, राहुल रिछारिया मौजूद रहे। बुंदेलखंड सर्व ब्राह्मण महासभा की बैठक में हत्या करने वालों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की गई। बैठक में अरविंद उपाध्याय, डा. एके व्यास, श्रीराम बुधौलिया, रविशंकर पांडे, संध्या पांडे, राजेंद्र प्रसाद रावत, संजय दुबे, शिवनारायण तिवारी, अमित बुधौलिया मौजूद रहे। इसी तरह, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में अरविंद वशिष्ठ, श्रीराम बिलगैयां, पूरन मिश्रा, मेवालाल भंडारिया, दिलीप शाक्या, जावेद खान ने घटना को शर्मनाक बताया।
इधर, बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा की बैठक में केंद्रीय महामंत्री दिनेश भार्गव, अमृत प्रसाद, अखिलेश त्रिपाठी, अनिल पाठक, विजय सिंह साहू, सतेंद्र पटेल, हफीज अहमद, यज्ञपाल सिंह, नरेश बुंदेला ने घटना पर आक्रोश व्यक्त किया।