झांसी। ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से पिछले एक सप्ताह से अंबावाय की जलापूर्ति ठप है। शिकायत के बाद भी मोेटर नहीं बदली जा सकी। इस कारण संबंधित क्षेत्र के हजारों लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
महानगर से 13 किलोमीटर दूर स्थित अंबावाय की छह हजार से अधिक आबादी है। यहां की जलापूर्ति के लिए गांव से एक किलोमीटर दूर रेलवे पुल के आगे ट्यूबवेल लगा है। इस ट्यूबवेल की मदद से प्रतिदिन एक से डेढ़ घंटे जलापूर्ति संबंधित क्षेत्र को मिलती है। मगर एक सप्ताह पहले ट्यूबवेल पर लगी मोटर खराब हो गई, जिससे संबंधित क्षेत्र की जलापूर्ति ठप पड़ गई। यहां के लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। हैंडपंप पर भी गिने चुने हैं, जिस कारण लोगों को दूर तक जाना पड़ता है। हर समय हैंडपंप पर भीड़ रहती है। जलसंस्थान से शिकायत की जा चुकी है लेकिन मोटर बदली नहीं गई है। इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह का कहना है कि मोटर बदलने का काम चल रहा है। बुधवार से संबंधित क्षेत्र के लोगों को सामान्य दिनों की तरह पानी मिलने लगेगा।
मैं जलसंस्थान के अवर अभियंता को प्रतिदिन फोन करता हूं। लेकिन आज- कल का आश्वासन दे दिया जाता है। हेमंत बबेले।
पाइप लाइन से जलापूर्ति न होने पर एक- एक दिन काटना मुश्किल ह जाता है। पूरा परिवार परेशान रहता है। जफर अली।
मोटर खराब होने की समस्या जब भी आती है। हमेशा दस से पंद्रह दिन तक परेशान होना पड़ता है। समस्या का निदान जल्द नहीं होता। बद्रीप्रसाद।
गांव में जो भी हैंडपंप लगे हैं, वे सब दूर हैं। दूर से पानी लाने में हालत खराब हो जाती है। झगड़े अलग होते हैं। सत्येंद्र।