अमर उजाला ब्यूरो
जेल में सास के साथ नवजात बच्ची को भी रखा गया
झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सारंद्रा नगर में नवविवाहिता मोनिका (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को पति संदीप और सास गायत्री देवी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। देखभाल के लिए सास के साथ-साथ नवजात बच्ची को भी जेल में रखा गया है।
बताते चलें कि मोनिका ने करीब 15 दिन पहले एक बेटी को जन्म दिया था। उसकी मौत के बाद नवजात की देखरेख करने वाला परिवार में कोई अन्य सदस्य नहीं होने के कारण बच्ची को उसकी सास के साथ ही रखा गया है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सारंद्रा नगर निवासी संदीप से मोनिका की शादी 8 जून 2025 को हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और नकद रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
शनिवार को मोनिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बाथरूम के हैंगर से लटका मिला था। घटना के बाद मोनिका के भाई अमन ने पति और सास के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए प्रेमनगर थाने में तहरीर दी।
सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। नवजात की देखभाल को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। चूंकि सास गायत्री देवी ही उसकी देखभाल कर रही थीं, इसलिए आवश्यक सामान जैसे दूध, डायपर और कपड़े उपलब्ध कराकर उन्हें नवजात के साथ कारागार भेजा गया है।