नंदनपुरा से राजघाट नाले की सफाई करती नाला गेंग। अमर उजाला
झांसी। महानगरवासियों के लिए इन दिनों मच्छर आफत का सबब बन रहे हैं। आलम यह है कि दो दिन पहले हुई बारिश और नाला सफाई के चलते मच्छरों की तादाद बढ़ गई है। शाम ढलते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से लोगों को बीमारियों का डर सता रहा है। वहीं, नगर निगम ने फॉगिंग बंद करा दी है। इसके चलते लोग परेशान हैं।
महानगर में दो दिन पहले करीब आधा घंटा झमाझम बारिश हुई थी। इसके चलते महानगर में नरिया बाजार, सीपरी, तालपुरा समेत कई जगहों पर जलभराव हो गया है। वहीं, नालों की सफाई का काम चलने से नालों की निकाली गई सिल्ट दोबारा नाले में समा गई। ऐसे में गंदगी और जलभराव के चलते मच्छरों की तादाद बढ़ गई है। मच्छर बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, बीमारियों का डर सता रहा है। कोरोना काल में मच्छरों का बढ़ते प्रकोप से लोग दहशत में हैं। उधर, मच्छरों का प्रकोप कम करने के लिए नगर निगम ने अब तक फॉगिंग शुरू नहीं कराई है। कोरोना के चलते पिछले महीने फॉगिंग का काम चला था, लेकिन अब उसे बंद कर दिया गया है। ऐसे में लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से फॉगिंग कराने की मांग की है। मांग करने वालों में पंकज शुक्ला, संजय जायसवाल, संजीव साहू, आकाश साईमन, बालकिशन कश्यप, गणेश राम चौधरी समेत तमाम लोग शामिल हैं।
नाला सफाई कार्य ने पकड़ी तेजी
बारिश होने के बाद नाला सफाई कार्य ने तेजी पकड़ ली है। बुधवार को नंदनपुरा से राजघाट, लहर की देवी मेनरोड पर नालों की सफाई का कार्य चलता रहा। इस दौरान नालों की तलीझाड़ सफाई की गई। 15 जून तक महानगर के 165 छोटे-बड़े नालों की सफाई का काम पूरा किया जाना है।