कई दिनों के बाद झांसी में शनिवार को तेज धूप खिली लोगों ने अपने घरों व पार्कों में बैठ कर खूब धूप से?
झांसी। कई हफ्तों के बाद रविवार को दिन में कड़ाके की धूप खिली। सर्दी के सितम से परेशान लोगों ने धूप का लुत्फ उठाया। हालांकि, शाम होते ही सूरज ढलने के बाद फिर से ठंड लौट आई। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
रविवार को सुबह की शुरुआत को कोहरे के साथ हुई लेकिन दोपहर 12 बजते ही मौसम ने एकदम से करवट बदल ली। मौसम खुला होने और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाने की वजह से कड़ाके की धूप खिल गई। छुट्टी का दिन होने की वजह से लोगों ने भी घरों से बाहर निकलकर धूप सेंकी। गृहणियों ने कई दिनों से रखे गंदे कपड़ों को धुलकर धूप में सुखाना शुरू कर दिया। दिन में घरों में लोगों को ब्लोअर, हीटर बंद करने पड़ गए। बाहर भी लोगों ने अलाव नहीं जलाया। हालांकि, सूरज डूबने के साथ ही मौसम ने एकदम से पलटी मारी। हल्की धुंध के साथ ठंड बढ़नी शुरू हो गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगे के दिनों में फिर से कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। बादल छाने से दिन में गलन हो सकती है। बारिश की भी संभावना है।