अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शुक्रवार को प्रमुख सचिव प्रशासनिक सुधार व जनपद के नोडल अधिकारी के रवींद्र नायक ने जिले में होने वाले पौधरोपण अभियान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान को अधिकारी जन आंदोलन बनाएं।
कलक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में प्रमुख सचिव ने पीएम और सीएम आवास योजना के लाभार्थियों को दो-दो सहजन के पेड़ लगाने का सुझाव दिया। साथ ही कहा कि वॉटर बाडीज के आस-पास फलदार पौधे रोपे जाएं। पक्षियों के आने से पर्यावरण में सुधार होगा। अधिकारी पौधरोपण में तकनीकी पहलू का भी ध्यान रखें। सुरक्षित ढंग से ढुलाई करते हुए पौधों को पौधरोपण स्थल तक पहुंचाएं। इस दौरान प्रमुख सचिव ने पूर्व में किए गए पौधरोपण की भी जानकारी ली। साथ ही बायो फेंसिंग के माध्यम से वृक्षों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम विकास विभाग व पंचायतीराज विभाग की पौधरोपण की तैयारियों पर असंतोष जताया। बैठक में डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि जनपद में 98.63 लाख से अधिक पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एक करोड़ से अधिक पौधे नर्सरी में उपलब्ध हैं। इसके अलावा अन्य तैयारियां भी पूरी हैं।
इस मौके पर सीडीओ जुनैद अहमद, प्रभागीय वन अधिकारी जेबी शेंडे, एडीएम वरुण कुमार पांडेय, अरुण कुमार सिंह, एसपी देहात गोपीनाथ सोनी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
000000000
संपूर्ण समाधान दिवस 22 को
झांसी। शनिवार को होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अब सोमवार को होगा। शनिवार को पौधरोपण अभियान में अधिकारियों की भागीदारी के चलते समाधान दिवस का दिन परिवर्तित किया गया है। ब्यूरो
000000000
उप चुनाव का कार्यक्रम घोषित
झांसी। ग्राम पंचायतों की रिक्त सीटों पर होने उप चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने बताया कि 22 जुलाई को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे, जबकि 23 को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 24 जुलाई को उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा और चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। मतदान छह अगस्त और मतगणना आठ अगस्त होगी। ब्यूरो