झांसी। नई बस्ती के ऋषीकुंज स्कूल के सामने खुले मेडिकल स्टोर के संचालक के बाद कर्मचारी पॉजिटिव मिला है। स्वास्थ्य विभाग की 28 टीमों ने क्षेत्र में 500 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग सैंपल लिए। इसके साथ ही कुछ लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। तालपुरा निवासी युवक का नई बस्ती में मेडिकल स्टोर खुला हुआ था। कुछ दिनों पहले तबीयत खराब होने पर उसे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में बने कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया। साथ ही कोरोना वायरस का सैंपल लेकर जांच के लिए कोविड लैब में भेजा गया। वहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसके बाद उसकी हिस्ट्री खंगालकर संपर्क में आने वाले लोगों के भी सैंपल लिए गए। बुधवार को मेडिकल स्टोर पर काम करने वाला कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव निकल आया। इसके बाद मेडिकल स्टोर के आसपास रहने वाले लोगों के सैंपल लिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 500 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की।