झांसी। बंगरा ब्लॉक में विभिन्न वर्ग के लिए तयशुदा आरक्षण कोटे से अधिक सीटें आरक्षण कर दी गईं। इसको लेकर पठगुवां ग्राम पंचायत के आठ सौ से अधिक लोगों ने जिलाधिकारी के यहां आपत्ति दर्ज कराते हुए इस गड़बड़ी को दुरूस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है सुनवाई न होने पर वह चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण तय होने के बाद से विभिन्न ग्राम पंचायतों के लोग आरक्षण को लेकर आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। बंगरा ब्लॉक के पठगुवां ग्राम पंचायत के लोगों का कहना है कि शासनादेश के मुताबिक 27 प्रतिशत में पिछड़ा एवं पिछड़ा वर्ग महिला के लिए सीटें आरक्षित की जानी थीं लेकिन, इसकी जगह 28 प्रतिशत सीटें आरक्षित कर दी गईं। इसके कारण पठगुवां गलत तरीके से दूसरे वर्ग में आरक्षित हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि 27 प्रतिशत आरक्षण होने पर पठगुवां की सीट सामान्य महिला में दर्ज होगी लेकिन, इसे पिछड़े वर्ग की महिला के तौर पर आरक्षित कर दिया गया।
इसको लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोगों ने विकास भवन पहुंचकर अपनी आपत्ति जताई। आपत्ति प्रारूप में 800 से अधिक मतदाताओं ने हस्ताक्षर किए हैं। बता दें, ग्राम पंचायत में कुल 1981 मतदाता दर्ज हैं। बंगरा ब्लॉक के तहत कुल 59 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें सामान्य को 20, महिला 10, पिछड़ा 10, पिछड़ा महिला 5, अनुसूचित जाति 9 एवं अनुसूचित जाति महिला के लिए पांच सीटें आरक्षित की गई हैं। उधर, आज भी आपत्तियां दर्ज कराने वालों का तांता लगा रहा। 8 मार्च तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।