झांसी। जनपद के नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा सुधीर एम बोबडे ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य और प्रभारी मंत्री की समीक्षा के दौरान सामने आए बिंदुओं को लेकर बैठक की। कहा कि विद्युत आपूर्ति की अधिक शिकायत वाले क्षेत्र के लाइनमैनों को बदला जाए। लाइन लॉस वाले क्षेत्रों को चिह्नित किया जाए। शासन की प्राथमिकता वाले विभिन्न निर्माणाधीन योजनाएं समय और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं।
नोडल अधिकारी बोले कि विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। अधिकारी अपने स्तर से भी योजनाओं, कार्यक्रमों की समीक्षा करें। जल जीवन मिशन के तहत झांसी में निर्माणाधीन 10 नग पाइप पेयजल योजनाओं की समीक्षा की गई। एरच बांध के न बनने से योजना पर पड़ने वाले प्रभाव के संबंध में जल निगम के अधिशासी अभियंता की टेक्निकल रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बीएसए ने बताया कि 1400 विद्यालय में सिर्फ 500 स्कूलों में फर्नीचर आया है। बचे विद्यालयों के लिए फर्नीचर की मांग करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी राजेश एस, सीडीओ जुनैद अहमद, पुलकित गर्ग, जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय मौजूद रहे।