- यात्रियों की शिकायत के बाद आरपीएफ तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मुंबई से लखनऊ जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में बुधवार रात को किन्नर बनकर चढ़े युवकों ने यात्रियों से रुपये छीन लिए। विरोध करने पर यात्रियों से अभद्रता की थी। आलम यह रहा कि झांसी स्टेशन से ट्रेन में चढ़े किन्नरों ने कई यात्रियों की जेब तक खाली कर दी। यात्रियों के पास खाना खाने तक के लिए रुपये न बचे। घटना की वीडियो भी वायरल हुआ है। यात्रियों की शिकायत पर आरपीएफ ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मुंबई से लखनऊ जा रही पुष्पक एक्सप्रेस बुधवार रात एक बजे झांसी पहुंची। यहां से 18 मिनट बाद ट्रेन जब उरई के लिए रवाना हुई तो एस-3 कोच में कुछ युवक चढ़ गए। यात्रियों ने बताया कि किन्नर बनकर आए चार युवकों ने कोच में मौजूद यात्रियों से वसूली शुरू कर दी। यात्रियों ने विरोध किया तो गालियां देने लगे। रेल यात्री अजय रावत ने 139 हेल्पलाइन पर रेलवे और आरपीएफ झांसी से शिकायत करते हुए बताया कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से ट्रेन में किन्नर बनकर चढ़े युवक यात्रियों से रुपये छीन रहे हैं। उन्होंने यात्रियों से पांच-पांच सौ रुपये के नोट छीन लिए और भाग गए।
पीड़ित यात्री शिंटू पासवान ने बताया कि उन्होंने किन्नर बनकर आए युवकों को 20 रुपये देने के लिए जेब में हाथ डाला तो उसके साथ पांच सौ रुपये का नोट भी निकल आया। इसके बाद युवक पांच सौ रुपये का नोट भी छीन लिया। बताया कि उनके पास स्टेशन से घर जाने तक के पैसे नही बचे। एक अन्य यात्री त्रिदेव ने बताया कि उनसे भी पांच सौ रुपये छीन लिए गए। उनके पास केवल वही पांच सौ रुपये का नोट था, अब झांसी से लखनऊ तक भूखे-प्यासे यात्रा कर रहे हैं। इसका अपर साइड बर्थ पर बैठे एक युवक ने वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के आधार पर आरपीएफ मामले की जांच कर रही है।
वर्जन
शिकायत मिलने पर आरपीएफ स्टाफ ने अप और डाउन पुष्पक एक्सप्रेस के सीसीटीवी फुटेज देखे हैं। इसमें किन्नर या कोई दूसरा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई नहीं दिया। वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें ढूंढकर कार्रवाई की जाएगी।
- मोहम्मद असलम, सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ