- सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार, लोगों के पैसे कराए वापस
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। बीएसएनएल कार्यालय में आधार कार्ड बनवाने के नाम पर वसूली की जा रही है। जिसका लोगों ने विरोध किया तो सेंटर संचालक उन्हें धमकाने लगा। कार्यालय में संचालित आधारकार्ड सेंटर पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया। जब आधारकार्ड बनवाने आए लोगो से ओवररेटिंग की जाने लगी। सूचना बीएसएनएल और तहसील के अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद आधार कार्ड बनवाने आए लोगों ने आरोप लगाया कि चाहे आधार कार्ड बनवाना हो या अपडेट कराना हो, सभी का 260 रुपये खुलेआम वसूला जा रहा है। जबकि छोटे बच्चों को आधार कार्ड निशुल्क, नए आधार कार्ड के 50 रुपये और आधार कार्ड अपडेट कराने के 100 रुपये सरकारी रेट निर्धारित है। लेकिन सेंटर पर संचालक द्वारा 260 रुपये खुलेआम वसूले जा रहे हैं। गांधीगंज निवासी अंकित ने बताया कि उसकी बच्ची की उम्र 5 वर्ष हो चुकी है, जिसके लिए वह आधार कार्ड अपडेट करने के लिए आया उससे 260 रुपये की मांग की गई। मगरवारा निवासी संगीता ने बताया कि पिछले 2 दिन से वह आ रही है बच्ची का आधार कार्ड अपडेट करने के लिए 260 रुपये लिए गए। पार्षद शिवम पांडे ने बताया कि आज सुबह वह बीएसएनल ऑफिस के सामने से गुजर रहा था। तभी लोगों की भीड़ एकत्रित दिखाई दी। जब वह वहां पर पहुंचे तो देखा कि आधार कार्ड केंद्र संचालक लोगों से मनवाने पैसे वसूल रहे हैं, जिसका लोग विरोध कर रहे हैं। इस संबंध में बीएसएनएल के अवर अभियंता एहसान मंसूरी ने बताया कि ओवर रेटिंग की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांचकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सूचना पाकर नायब तहसीलदार अमित कुमार मुदगिल मौके पर पहुंचे। लोगों से लिए गए अतिरिक्त पैसों को वापस कराया गया।