बुधवार की सुबह ग्वालियर श्योपुरकलां पैसेंजर का एक कोच पलटने और कई यात्रियों के घायल होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर अधिकारी व कर्मचारी दुर्घटना राहत वाहन व अन्य व्यवस्थाओं के साथ मौके पर रवाना हो गए। हालांकि, रास्ते में जब उनको पता लगा कि मॉक ड्रिल कर सतर्कता की जांच की जा रही है तो उन सभी ने राहत की सांस ली।
मंडल रेल कंट्रोल ने बुधवार की सुबह इमरजेंसी हॉर्न को बजवाने के बाद सूचना जारी कि ग्वालियर श्योपुर कलां छोटी रेल लाइन पर बानमौर गांव के पास किलोमीटर नंबर 1243/6- 7 पर एक ट्रक 52171 पैसेंजर से टकरा गया है। दुर्घटना में एक कोच पलट गया और कई सवारियां घायल हो गईं। सूचना से संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में अधिकारी, कर्मचारी व आरपीएफ दुर्घटना राहत वाहन, एंबुलेंस, दमकल गाड़ी के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। इधर, चिकित्सा व अन्य सहायता सामग्री की व्यवस्था की जाने लगी।
रेल कर्मचारी सम्मानित
झांसी। डीआरएम संदीप माथुर ने बुधवार को टावर वैगन मरम्मत कार्य में सराहनीय काम करने पर उरई में कार्यरत हेल्पर राजेंद्र कुमार को सम्मानित किया। कर्मचारी को पांच सौ रुपये नकद व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
टिकट चेकिंग से मचा हड़कंप
झांसी। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर सीनियर डीसीएम डॉ. जितेंद्र कुमार के निर्देश व डीसीएम अखिल शुक्ला के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज व गंदगी फैलाने पर 284 लोगों को पकड़ा गया। पकड़े गए यात्रियों से 1,24,660 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
रेलवे की फिशप्लेट बरामद, बदमाश भागे
झांसी। रेलवे स्टेशन के नजदीक बाइक पर रखकर फिशप्लेट चोरी करके ले जा रहे बदमाश आरपीएफ को देख भाग गए। हालांकि, आरपीएफ ने फिश प्लेट और बाइक को बरामद कर लिया।
बुधवार की सुबह आरपीएफ को सूचना मिली पीडब्लूआई स्टोर के पास से चार- पांच बदमाश रेलवे संपत्ति को चुराकर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। आरपीएफ को देख बदमाश मौके से भाग खड़े हुए। हालांकि, आरपीएफ ने बदमाशों की बाइक, एक फिशप्लेट और दो कट्टियों में डीजल बरामद कर लिया। मोटरसाइकिल सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लकारा गांव निवासी धीरेंद्र परिहार की बताई गई है। आरपीएफ ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।