झांसी। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कोविड के एल-1, एल-2 और एल-3 इकाइयों में तीन और चार जनवरी को मॉक ड्रिल होगी। अचानक से काफी संख्या में गंभीर मरीज आने पर उन्हें शिफ्ट करने की तैयारियां देखी जाएंगी।
कोविड के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। विशेषज्ञ दावा कर रहे हैं कि कोविड का नया स्ट्रेन ओमिक्रॉन तीसरी लहर ला सकता है। ऐसे में शासन की तरफ से निर्देश जारी किए गए हैं कि कोविड अस्पताल बनाई गई स्वास्थ्य इकाइयों में तीन और चार जनवरी को मॉक ड्रिल की जाए। ऐसे में बड़ागांव, गरौठा, बरुआसागर, समथर सीएचसी और जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज में सोमवार और मंगलवार को मॉक ड्रिल होगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक स्टाफ को लक्ष्य दिया जाएगा कि कोरोना के गंभीर मरीज आ गए हैं। ऐसे में उन्हें भर्ती करने की व्यवस्था करनी है। इस दौरान बिना लक्षण वाले मरीजों को होम आइसोलेशन, हल्के लक्षण वालों को एल-1 और गंभीर मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया जाएगा। इसके अलावा शासन ने फोकल सैंपलिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।