ललितपुर। गोंडवाना एक्सप्रेस और तुलसी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे दो यात्रियों के साथ चोरी की घटनाएं हुईं। एक यात्री का मोबाइल फोन और एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया।
जबलपुर निवासी बाबूलाल 20 सितंबर को गोंडवाना एक्सप्रेस से हजरत निजामुद्दीन से जबलपुर जा रहे थे। ललितपुर के पास उनकी जेब से मोबाइल फोन चोरी हो गया। कौशांबी निवासी निशात फात्मा 21 अक्तूबर को तुलसी एक्सप्रेस से प्रयागराज से मुंबई एलटीटी की यात्रा कर रही थीं। बांदा स्टेशन के पास उनका पर्स चोरी हो गया। पर्स में तीन सोने की अंगूठी, एक चांदी की पायल, दो चांदी की अंगूठी और करीब तीन हजार रुपये नकद थे। थाना जीआरपी ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह परिहार ने जांच और कार्रवाई शुरू करने की जानकारी दी।