अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार को विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत हुई। इसके साथ ही चारों विधायकों ने लखनऊ में डेरा डाल दिया है। सभी की अपने क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे रखने और उन्हें पारित कराने की तैयारी है।
सदर विधायक रवि शर्मा महानगर की बिगड़ी हुई बिजली व्यवस्था का मुद्दा लेकर लखनऊ पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि वह विधानसभा के मानसून सत्र में महानगर की बिजली व्यवस्था के लिए 132/33 केवी के एक नए उपकेंद्र की स्थापना का प्रस्ताव रखेंगे।
बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा बीडा की जमीनों का किसानों को दिए जा रहे मुआवजे पर पुनर्विचार किए जाने का मुद्दा उठाएंगे, ताकि ग्रामीणों को और अधिक धनराशि मिल सके। साथ ही चिरगांव रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव भी वह मानसून सत्र में रखेंगे।
मऊरानीपुर विधायक डा. रश्मि आर्य मोंठ गुरसराय मार्ग के किमी एक से 17 तक एवं रामनगर-बेंदा-एरच मार्ग के किमी एक से 26 तक चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव विधानसभा में रखेंगी। उन्होंने बताया कि इन कामों के हो जाने से क्षेत्र की जनता को आवागमन में सहूलियत होगी।
उधर, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत विधानसभा सत्र में 10-12 प्रस्ताव रखने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पीएचसी /सीएचसी में महिला डॉक्टरों की नियुक्ति, मेडिकल कॉलेज को एम्स के रूप में विकसित करने, पोस्टमार्टम 24 घंटे कराए जाने समेत अन्य प्रस्ताव वह विधानसभा में रखेंगे।