झांसी / एरच। शुक्रवार रात छापेमारी की कार्रवाई से डरकर बेतवा नदी में छलांग लगाने वाले मजदूर राज बहादुर का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला। गोताखोरों की मदद से मंगलवार को पुलिस टीम लापता मजदूर को तलाशती रही। नदी के तटवर्ती गांवों में भी पुलिस उसकी तलाश में जुटी है लेकिन, उसका कहीं भी पता नहीं चल रहा है।
डेरा बालू घाट पर पोकलैंड से अवैध खनन की शिकायत पर पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान वहां काम कर रहे तीन मजदूर नदी में कूद गए थे। इनमें दो मजदूर बाहर निकल आए लेकिन, तीसरे मजदूर का कुछ पता नहीं चला। पुलिस उसको तलाश रही है। मंगलवार को भी हमीरपुर से आए गोताखोरों ने बेतवा नदी में तलाशी अभियान चलाया। महाजाल नदी में डाला गया। कई घंटे तक पूरी नदी में तलाशने के बाद भी लापता मजदूर के बारे में कुछ पता नहीं चला। उधर, एरच पुलिस ने बेतवा नदी के किनारे बसे कई गांव में जाकर उसकी तलाश की। गांव वालों से पूछताछ की लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि बुधवार को भी गोताखोरों को नदी में उतारा जाएगा। उसकी रिश्तेदारी में पुलिस उसे तलाश रही है।