झांसी। कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक अधिवक्ता का भांजा इंटरमीडिएट की परीक्षा में नंबर कम आने की वजह से घर से चल गया था। खोजबीन के बाद भी सुराग न मिलने पर पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। मंगलवार को रात में छात्र को उनाव गेट पुलिस ने रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया।
थाना कोतवाली क्षेत्र के पंचवटी निवासी संतोष कुमार दोहरे का भांजा अमित कुमार मध्य प्रदेश के भांडेर में रहता है। वह इंटरमीडिएट का छात्र है। दो माह पहले वह अपने मामा संतोष के घर आया था। पिछले दिनों मध्य प्रदेश बोर्ड के इंटरमीडिएट परिणाम जारी हुआ। इसमें अमित के नंबर कम आए। निराश होकर वह सोमवार को घर से निकला था, इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर शाम घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। अनहोनी के चलते परिजन शिकायत करते कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार को देर रात उनाव गेट चौकी महाराज सिंह ने छात्र को रेलवे स्टेशन से बरामद किया।