पूंछ। पिछले बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनारी में बिजली बिल जमा करने के दौरान कुछ लोगों ने बिजली विभाग की टीम के साथ अभद्रता कर दी थी। टीम ने नाराज होकर गांव की बिजली आपूर्ति ठप कर दी है। दो दिन बीत जाने के बाद भी बिजली न आने की वजह से ग्रामीण पीने के पानी के लिए परेशान हैं।
इतना ही नहीं, घरों में रखे लोगों की विद्युत उपकरण ठप पड़े हैं। गांव में लगी आटा चक्की, पंखे, पंप, मोबाइल चार्जिंग सब बंद हो गया है। इस वजह से ग्रामीण परेशान हैं। पूरा गांव अंधेरे में जीने को मजबूर है। ग्राम निवासी छोटू राजपूत ने बताया कि गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र होने की वजह से गांव में हैंडपंप नहीं लग पाते हैं। गांव के मुख्य चौराहे पर बने कुएं में लोगों ने पीने के पानी के लिए पंप डाल रखे हैं। इससे लोगों के घरों में पानी की आपूर्ति होती है। बिजली कटने से लोगों के घरों में पानी नहीं बचा है। इस संबंध में पूंछ उपकेंद्र के अवर अभियंता मोमराज राजपूत ने बताया कि क्षेत्र के 150 कनेक्शनधारियों ने बिजली बिल जमा नहीं किया है। इसलिए बिजली आपूर्ति रोक दी गई है। कुछ लोग बिल जमा कर दें तो आपूर्ति चालू हो जाएगी।