गौरतलब है कि राज्यमंत्री की समीक्षा बैठक का कार्यक्रम शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे सर्किट हाउस में प्रस्तावित था। मंत्री मध्य प्रदेश में किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे लेकिन वहां से उन्हें वापस आने में देर लग गई। इसलिए बैठक औपचारिकता में निपट गई। सुबह से स्वास्थ्य अमला तैयारियां पूरे करने में जुटा था। रात करीब नौ बजे मंत्री ने सर्किट हाउस में झांसी, ललितपुर और जालौन के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक शुरू की। रात में साढ़े नौ बजते-बजते मंत्री ने तीनों जनपदों की समीक्षा पूरी कर ली। उन्हें तीनों जनपदों की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक मिली। झांसी में ओपीडी, जननी सुरक्षा, नेत्र के क्षेत्र में विभाग द्वारा किए गए काम की मंत्री ने सराहना की। वहीं, टीकाकरण, नसबंदी योजनाओं के क्षेत्र में किए गए कार्य पर सीएमओ को शाबाशी दी। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में जहां विभाग पिछड़ा मिला उसमें सुधार के निर्देश भी उन्होंने दिए।
बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. सविता दुबे, झांसी सीएमओ डा. विनोद कुमार यादव, ललितपुर सीएमओ डा. सतेंद्र कुमार, ललितपुर सीएमएस डा. आरपी सिंह, ललितपुर महिला अस्पताल के सीएमएस डा. हरेंद्र चौहान, उरई सीएमएस डा. वीवी आर्या मौजूद रहे।