झांसी। बालू से भरे ट्रैक्टर पकड़ने से नाराज खनन माफियाओं ने तहसीलदार की गाड़ी पर हमला कर ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। इससे तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा। जबकि, साथी भाग निकले। तहसीलदार की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शुक्रवार सुबह ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम सदर संजीव कुमार मौर्य व तहसीलदार सदर अजय कुमार अपनी टीम के साथ थाना बड़ागांव स्थित गढ़मऊ-पालर रोड पर कोछाभांवर के पास भ्रमण कर रहे थे। इसी बीच बालू से भरे चार ट्रैक्टर आते दिखे। रोकने पर कागजात मांगने पर विवाद की स्थिति पैदा हो गई। अभी बातचीत चल ही रही थी, तभी बाइकों पर सवार 6-7 लोगों ने आकर बहस करने लगे। सभी जबरन ट्रैक्टर छुड़ाकर ले जाने लगे। इसी बीच ट्रैक्टर पर सवार लोगों ने तहसीलदार की गाड़ी पर हमला बोलते हुए टक्कर मार दी। इससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। युवक ट्रैक्टर लेकर भाग निकले। खबर मिलते ही बड़ागांव व नवाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। भागते समय एक युवक को दबोच लिया, जबकि साथी भाग निकले। तहसीलदार की तहरीर पर नवाबाद पुलिस ने थाना बड़ागांव के पालर गांव निवासी हर्ष महाराज, अनुराग यादव, छोटू पाल, विनोद, सचिन, नरजी, शिवम, टिल्लू व दो अज्ञात लोगों पर एफआईआर दज की है। मौके से बरामद हुए बालू से भरे दो ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया है।
बड़ागांव में दिन भर निकलते ट्रैक्टर
थाना बड़ागांव क्षेत्र में दिन भर बालू से भरे ट्रैक्टर निकलते रहते हैं। कई बार यहां विवाद भी हो चुका है, लेकिन इसके बाद भी कोई भी सबक लेने को तैयार नहीं है। अधिकारियों पर हुए हमले की घटना के बाद कुछ दिन भले ही काम बंद हो, लेकिन पुन: इस क्षेत्र में काम शुरू हो जाएगा।