फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोछाभांवर से अवंतीबाई चौक और हवाई पट्टी से रेलवे स्टेशन तक दौड़ेगी लाइट मेट्रो

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। महानगर में लाइट मेट्रो दौड़ने के लिए राइट्स कंपनी ने सर्वे का काम पूरा कर लिया है। बुधवार को जनप्रतिनिधियों और जेडीए अफसरों को कंपनी के प्रतिनिधियों ने मेट्रो को लेकर अपना प्रेजेंटेशन दिया। सर्वे के मुताबिक महानगर में दो कॉरिडोर बनाए जाएंगे। एक कॉरिडोर कोछाभांवर से शिवपुरी रोड के अवंतीबाई चौक और दूसरा कॉरिडोर ग्वालियर रोड पर हवाई पट्टी के पास से रेलवे स्टेशन तक होगा। बुधवार को जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने इसे मंजूरी दे दी। अब कंपनी जियोलॉजिकल सर्वे कराकर डीपीआर बनाने में जुट गई है।
विज्ञापन

कैबिनेट ने मई माह 2022 में झांसी में लाइट मेट्रो के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद प्रोजेक्ट को तैयार करने की जिम्मेदारी राइट्स कंपनी को सौंपी गई। जेडीए से करार होने के बाद कंपनी ने डेढ़ महीने में महानगर के तमाम इलाकों का सर्वे किया। सर्वे के बाद महानगर में करीब 20 किमी लंबी लाइट मेट्रो लाइन बिछाने का प्रस्ताव बनाया गया। कंपनी ने लाइट मेट्रो दौड़ाने के लिए दो रूट तय किए हैं। जिसके तहत पहला रूट करीब 12 किमी का कोछाभांवर से अवंतीबाई चौक शिवपुरी रोड तक होगा। जबकि दूसरा रूट आठ किमी का ग्वालियर रोड पर एयरोड्रम से लेकर रेलवे स्टेशन तक होगा। कोछाभांवर और हवाई पट्टी के पास डिपो बनाए जाएंगे। जहां पर मेट्रो का मेंटीनेंस किया जाएगा। वहीं महानगर में दोनों रूट पर करीब 17 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके लिए कंपनी जल्द दूसरा सर्वे कराकर रिपोर्ट देगी।
-------------
ऐसा होगा पहला कॉरिडोर
पहले कॉरिडोर में मेट्रो का संचालन कानपुर बाईपास पर कोछाभांवर से शुरू होकर मेडिकल कॉलेज, बुंदेलखंड विवि, शिवाजी नगर, बस स्टैंड, कचहरी चौराहा, इलाइट चौराहा, चित्रा चौराहा, सीपरी बाजार, संगम विहार होते हुए अवंतीबाई चौक शिवपुरी रोड तक होगा। पहले कॉरिडोर में करीब 10 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
विज्ञापन

-----------
दूसरा कॉरिडोर ऐसा होगा
दूसरे कॉरिडोर में मेट्रो ग्वालियर रोड पर हवाई पट्टी के पास से शुरू होकर अंसल कॉलोनी, बंसल कॉलोनी, बीकेडी चौराहा, इलाइट चौराहा, इलाहाबाद बैंक चौराहा होकर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। इसमें करीब सात स्टेशन प्रस्तावित हैं।
--------
शहर के अंदर ले जाने की योजना पर नहीं लगी मुहर
कंपनी के प्रतिनिधियों ने मेट्रो को शहर के अंदर ले जाने का प्लान बनाया था। अधिकारियों ने बताया कि पहले कॉरिडोर में कोछाभांवर से आने वाली मेट्रो कचहरी चौराहे से गोविंद चौराहा, झांसी किला, खंडेराव गेट, बीकेडी होकर चित्रा चौराहे से अवंतीबाई चौक तक संचालन कराने की योजना बनाई गई। लेकिन गोविंद चौराहे के पास सड़क कम चौड़ी होने और किले के पास जमीन के लिए एएसआई की अनुमति का पेच फंसने से जनप्रतिनिधियों ने इसे खारिज कर दिया।
--------------
ओवरब्रिज बनेंगे परेशानी
कंपनी के अधिकारियों ने सर्वे के दौरान पाया कि पहले कॉरिडोर में चित्रा चौराहे पर बना सीपरी बाजार ओवरब्रिज और दूसरे कॉरिडोर पर बन रहा ग्वालियर रोड ओवरब्रिज परेशानी बनेगा। यहां पर एलिवेटेड रोड की ऊंचाई बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
--------------
30 किमी होगी गति
महानगर में दौड़ने वाली लाइट मेट्रो की गति 30 किमी प्रतिघंटा होगी। वहीं सर्वे में सामने आया कि महानगर में करीब 12 से 14 हजार यात्री प्रतिदिन का फुटफॉल है। इसका मोड़ 25 मीटर का होगा।
-----------
ऐसे किया गया सर्वे
महानगर में कंपनी ने आने वाले 10 साल की जनसंख्या, ट्रैफिक, लोकेशन के हिसाब से सर्वे किया। साथ ही 2200 घरों का सर्वे कर यह पूछा गया कि वह कौन सा ट्रांसपोर्ट पसंद करते हैं। इसके साथ ही महानगर में 94 जोन बनाए जाएंगे।
------------
दूसरे चरण में बढ़ेगा दायरा
बैठक के दौरान विधायक रवि शर्मा ने सुझाव दिया कि सभी स्थानों का सर्वे कर लिया जाए। साथ ही दूसरे फेज में पहले कॉरिडोर को पारीछा और रक्सा, जबकि दूसरे कॉरिडोर को अंबावाय और बीएचईएल, खैलार तक बढ़ाया जाए। महापौर रामतीर्थ सिंघल ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर जल्द डीपीआर बनाने के लिए कहा। वहीं जेडीए बोर्ड के सदस्य सुबोध गुबरेले ने भी विचार व्यक्त किया।
-------------
यह रहे मौजूद
प्रजेंटेशन के दौरान जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव, नगर आयुक्त पुलकित गर्ग, जेडीए सचिव दिनेश कुमार, राइट्स के महाप्रबंधक विरेश गोयल, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक भानु जोशी, उप महाप्रबंधक पीके सिंह, इंजीनियर हिमांशु जगेरवार समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें