- प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा झांसी, लू और उमस ने लोगों का किया बुरा हाल
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। चार दिन में झांसी के अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाने के चलते झांसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। लू और उमस ने लोगों का बुरा हाल कर दिया। अब मानसून आने तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
झांसी समेत बुंदेलखंड में मौसम विभाग ने लू का रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान की तरफ से आने वाली गर्म हवाओं के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप खिली हुई थी। दोपहर में जरूर बादलों की आवाजाही देखने को मिली। लू चलने से गर्मी से राहत नहीं मिली। झांसी का अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 7.9 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम पारा 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा है। ऐसे में झांसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। अधिकतम पारा 47.6 डिग्री रहने से प्रयागराज प्रदेश में सबसे गर्म रहा। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि अभी 19 जून तक लू का रेड अलर्ट है। 35 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। मानसून आने तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
यूं बढ़ा तापमान
...................
दिन अधिकतम पारा
13 जून 41.1
14 जून 45.6
15 जून 46.1
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में।)