मीना सोनी हत्याकांड : मुख्य आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की मांग
झांसी। महानगर के चर्चित मीना सोनी हत्याकांड में मुख्य आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की मांग को लेकर परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन दिया। कहा कि डेढ़ साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस मीना सोनी का शव बरामद नहीं कर सकी। उन्होंने कुछ पुलिस कर्मियों पर भी आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है।
आभा सोनी ने ज्ञापन में बताया कि उसकी बहन मीना सोनी थाना नवाबाद इलाके के झोकन बाग में रहती थी। संजय वर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली ले जाकर हत्या के बाद उसका शव कालपी स्थित जमुना नदी में फेंक दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद आज तक शव बरामद नहीं हो सका। पूरे प्रकरण को एक साल बीत चुका है, लेकिन मामले की स्थिति जस की तस है। अगस्त में आरोपी पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई, लेकिन संपत्ति कुर्क नहीं की जा सकी। उन्होंने मुख्य आरोपी की संपत्ति कुर्क कराए जाने की भी मांग की। पुलिस ने असलहे भी जब्त किए, लेकिन इस पर भी पुलिस पर अधूरी कार्रवाई का आरोप लगाया है। आरोप है कि कुछ पुलिस कर्मी आरोपियों को बचाने में जुटे है। पुलिस अगर सही पैरवी करे तो कई बडे़ खुलासे सामने आ सकते है। आरोप है कि जेल से परिवार पर समझौते का दबाव बनाने के लिए लोगों को भेजा जा रहा है। उनको डर है कि कहीं जेल से छूटकर फिर से बड़ी घटना घटित न हो जाए। उन्होंने पूरे प्रकरण में उच्च अधिकारी से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।