अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। केंद्र सरकार ने फिक्स डोज कॉम्बिनेशन (एफडीसी) यानी निश्चित खुराक संयोजन वाली 35 दवाओं के उत्पादन पर प्रतिबंध लगाते हुए बिक्री पर रोक लगा दी है। झांसी के 900 से ज्यादा दवा व्यापारियों के पास ऐसी 25 करोड़ की दवाओं का भंडार है, जिन्हें निर्माता कंपनियां वापस नहीं ले रही हैं। ऐसे में ये दवाएं रखे-रखे ही एक्सपायर हो जाएंगी।
इन दवाओं के इस्तेमाल से लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था। सरकार के आदेश पर औषधि नियामक संस्थान केंद्रीय औषधि नियंत्रण संगठन ने सभी प्रदेशों के औषधि नियंत्रक को गैर अनुमोदित जिन निश्चित संयोजन दवाओं के निर्माण और वितरण रोकने के आदेश दिए हैं, उनमें दर्द निवारक, पोषण संबंधी और मधुमेह रोधी दवाएं भी शामिल हैं।
जिला केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री नितिन मोदी ने बताया कि सरकार के इस आदेश के बाद थोक और फुटकर दवा विक्रेताओं में अफरा-तफरी का माहौल है। निर्माताओं ने अभी दवा वापस लेने से मना कर दिया है। जबकि, झांसी में अभी केमिस्टों के पास ऐसी 25 करोड़ की दवाएं हैं। दूसरी तरफ, ड्रग विभाग ने थोक और फुटकर कारोबारियों को ऐसी दवाओं को तत्काल अपनी दुकान से हटाने का आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिन दवाओं की बिक्री पर रोक लगी है, उनका इस्तेमाल बड़े ही नहीं बच्चों के इलाज में भी किया जाता है।
जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि संस्था से करीब 200 थोक और 700 से ज्यादा केमिस्ट जुड़े हैं। सभी केमिस्टों से अपील है कि जिन दवाओं की बिक्री पर रोक लगी है, उनकी बिक्री तत्काल बंद कर दें। ऐसी दवाओं को दुकान से भी हटा दें।
क्या होती हैं एफडीसी दवाएं
एफडीसी दवाएं वो होती हैं, जिनमें एक निश्चित अनुपात में दो या दो से अधिक सक्रिय दवा का संयोजन होता है। ऐसी दवाएं कई रोगों में कारगर होती हैं। यह दवाएं कैप्सूल और टैबलेट के रूप में बाजार में बिकती हैं। हाल में शीर्ष औषधि नियामक की ओर से इनकी बिक्री पर रोक के निर्देश तब जारी किए गए, जब उसने पाया कि कुछ एफडीसी दवाओं को सुरक्षा और प्रभाव का पूर्ण मूल्यांकन के बिना नियम के निर्माण, बिक्री और वितरण के लिए लाइसेंस दिया गया है। इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो रहा है।
प्रमुख दवाएं, जिनकी बिक्री पर लगी रोक और उनका इस्तेमाल
.............................................................................
एफडीसी दवा उपयोग
मीरोपेनम एम ग्राम - उच्च एंटीबायोटिक इंजेक्शन
मेटफॉर्मिन हाइड्रोक्लोराइड 500 एमजी, वोग्लिबोस 0.2 एमजी - मधुमेह
ओफ्लॉक्सासिन 50 एमजी, ऑर्निडाजोल 125 एमजी, रेसेकाडोट्रिल 15 एमजी - दस्त
नेफोपम हाइड्रोक्लोराइड 30 एमजी, पैरासिटामोल 325 एमजी - दर्द
सिफिक्साईम 200 एमजी, ओफ्लाक्सासिन 200 एमजी, लैक्टिक एसिड बैसिकुलस - एंटीबायोटिक
प्रीगैब्लिन 75 एमजी, नॉट्रिपटाइलाइन एचसीआई 10 एमजी, विटामिन-डी थ्री, मैकोबालामिन - नसों का दर्द
मेटफॉर्मिन हाइड्रोक्लोराइड 500 एमजी, फिनाइलफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड 5 एमजी प्रति पांच एमएल सिरप - मधुमेह