झांसी। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के समय गेट नंबर एक व दो के बीच वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। सात घंटे के लिए यातायात में बदलाव का ब्लू प्रिंट तैयार किया गया है।
मेडिकल कॉलेज के गेट नं. एक और दो के बीच ही ओपीडी ब्लॉक, पर्चा काउंटर, भर्ती फाइल काउंटर, दवा वितरण काउंटर हैं। इस वजह से सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक यहां उपचार के लिए आने वाले हजारों रोगियों व तीमारदारों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में एंबुलेंस ही नहीं अन्य वाहनों के आने-जाने से अनहोनी की आशंका रहती है। इससे बचने के लिए अब सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक गेट नं. एक व दो के बीच के रास्ते पर बैरियर लगाकर वाहनों का आवागमन रोका जाएगा। इमरजेंसी की तरफ एंबुलेंस गेट नंबर दो से आवागन करेंगी। यदि कोई गेट नं. एक से प्रवेश करेगा तो उसे सीधे 500 बेड अस्पताल की बिल्डिंग से होते हुए गंतव्य पहुंचना होगा।
सीएमएस डॉ. सचिन माहुर का कहना है कि ओपीडी के समय गेट नं. एक व दो के बीच में रोगियों व तीमारदारों की काफी भीड़ रहती है। ऐसे में एंबुलेंस व वाहनों के तेजी से गुजरने की वजह से अनहोनी की आशंका रहती है। जिसके चलते सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक उक्त हिस्से की तरफ वाहनों का आवागमन जल्द रोका जाएगा।