अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। हाईस्कूल के प्रमाणपत्र और सर्विस बुक में छेड़छाड़ के आरोप में निलंबित मेडिकल कॉलेज की मैट्रन और लिपिक के खिलाफ सीएमओ ने नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मेडिकल कॉलेज की मैट्रन नलिनी सूद के खिलाफ शिकायत की गई थी कि उन्होंने न सिर्फ शैक्षणिक प्रमाणपत्र बल्कि सर्विस बुक में अधिष्ठान लिपिक से सांठगांठ कर अंकित जन्मतिथि में छेड़छाड़ की है। इस मामले की विभागीय जांच के बाद महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा ने 14 मई को उन्हें निलंबित कर दिया और अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण झांसी मंडल कार्यालय से संबद्ध कर दिया। सीएमओ डाॅ. सुधाकर पांडेय ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए बताया कि नलिनी सूद ने नियुक्ति के समय प्रस्तुत किए शैक्षणिक व अन्य अभिलेखों में छेड़छाड़ की है। हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ-साथ सर्विस बुक के एफआर फार्म 10 में जन्मतिथि में फेरबदल किया। ओवर राइटिंग करते हुए 11 मई 1962 की जगह 11 मई 1965 अंकित करा दिया। इसकी सूचना महानिदेशालय को नहीं दी गई।
इसके अलावा, अन्य प्रपत्रों में गलत तिथि अंकित करते हुए प्रमाणपत्र प्रस्तुत किए। गलत अभिलेख के आधार पर दो बच्चों का शासकीय प्रोत्साहन भत्ता 23 सितंबर 2010 में प्राप्त किया। फर्जी कूटरचित अभिलेख के आधार पर प्रोन्नति एवं अन्य लाभ लिए। शासन के नियमों के विपरीत करीब 13 वर्ष में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 1978 एवं 16 वर्ष में जीएनएम परीक्षा में प्रवेश प्राप्त किया।
आज होगी सेवानिवृत्त
झांसी। निलंबित मैट्रन नलिनी सूद शुक्रवार को सेवानिवृत्त होगी। सेवानिवृत्ति से 16 दिन पहले उन्हें निलंबित किया गया और एक दिन पहले नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।