झांसी। कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा ने शनिवार को श्रमिकों को रोजगार दिलाने और भरण पोषण भत्ता को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत श्रमिकों की रुचि को देखते हुए उनसे कार्य कराया जाए। एनआरएलएम का भी विस्तार किया जाए। रोजगार मेले का अभी से प्लान तैयार कर लें।
उन्होंने कहा कि अधिकारी सर्वे कर लें कि बाजार में क्या जरूरत है, उसका प्रशिक्षण दिया जाए ताकि तुरंत रोजगार मिल सके। नई सोच के साथ नए रोजगार की तलाश करें। जो श्रमिक आ गए हैं और जो आने वाले हैं सभी को तुरंत रोजगार देना होगा। श्रमिकों को मनरेगा से जोड़ते हुए तालाब खुदाई, गहरीकरण और सफ ाई आदि कार्य कराएं। यदि कोई श्रमिक फ ावड़ा नहीं चलाना जानता है तो उसे कोई अन्य योजना से जोड़ा जाए। ग्रामीण क्षेत्र में छोटे-छोटे उद्योग को बढ़ावा दें। मंडलायुक्त ने मंडल में दिहाड़ी मजदूरों को 1000 रुपये भरण-पोषण भत्ता की प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि दिहाड़ी मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए। मंडल में मनरेगा के मात्र 21740 श्रमिक पंजीकृत है और मात्र 2200 को ही लाभ प्राप्त हुआ। इस मौके पर अपर आयुक्त सर्वेश कुमार दीक्षित, सीडीओ निखिल टीकाराम फुं डे, जेडीसी चंद्रशेखर शुक्ला, डीडी पंचायत संजय बरनवाल, सीडीओ जालौन प्रशांत कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ ललितपुर अनिल कुमार पांडे, पीडी डॉ. आर के गौतम मौजूद रहे।
......................
अभी नहीं खुलेंगे धार्मिक स्थल, नहीं होंगे आयोजन
झांसी। डीएम आंद्रा वामसी ने लॉकडाउन को लेकर विकास भवन सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी धार्मिक स्थल आमजन के लिए नहीं खुलेंगे और ना सार्वजनिक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कोटेदार द्वारा घटतौली पर एफ आईआर दर्ज किए जाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के बाद ही दुकान खोले जाने पर निर्णय लिया जाएगा। आसरा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना सहित झांसी-खजुराहो मार्ग इसमें कार्य करने हेतु श्रमिकों को रोका नहीं जाएगा। सड़क निर्माण में कार्य कर रहे श्रमिक एक ही स्थान पर रहेंगे। पाईप पेयजल योजना के कार्य करने की भी छूट दी है। राशन वितरण के समय उप जिलाधिकारी स्वयं निरीक्षण करें यदि गड़बड़ी पाई जाए तो सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने गेहूं क्रय केंद्रों के बंद रहने पर भी नाराजगी व्यक्त की। इस मौके पर एसएसपी डी प्रदीप कुमार, सीडीओ निखिल टीकाराम फुं डे, एसपीआर राहुल मिठास, एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव मौजूद रहे।