केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा रविवार को जिले के 61 केंद्रों पर हुई। दोनों पालियों को मिलाकर 80 फीसदी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षार्थियों ने बताया कि गणित और विज्ञान के सवालों ने उन्हें उलझाया, जबकि हिंदी का पेपर आसान रहा। आसान पेपर देख विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
रविवार को परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली में 24,898 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इनमें से 4,952 अनुपस्थित रहे। जबकि, दूसरी पाली में पंजीकृत 21,384 में 4,422 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। पहली पाली में प्राथमिक और दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर का प्रश्नपत्र आया। समन्वयक प्रीति खत्री ने बताया कि दोनों पालियों को मिलाकर 80 फीसदी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है। समय से परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र बांट दिए गए थे। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
वहीं, एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परीक्षा केंद्र में सीटेट के लिए दो केंद्र बनाए गए थे। केंद्र व्यवस्थापक डॉ. अर्चना लाल, सह व्यवस्थापक डॉ. प्रियंका जैन ने बताया कि केंद्र पर 600 परीक्षार्थियों में से 437 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। एसआर कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के केंद्र व्यवस्थापक डॉ. आशीष गुप्ता, मयंक जैन ने बताया कि केंद्र में 600 परीक्षार्थियों में से 453 उपस्थित रहे।
ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल में 480 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सभी विद्यार्थी मास्क पहने रहे। समय-समय पर सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य रीना विलियम्स मौजूद रहीं।