मां दुर्गा महोत्सव पर घांसमडी में सजी मां दुर्गा की मूर्ति। अमर उजाला
झांसी। सोमवार को महानगर में शारदीय नवरात्र की तृतीया पर मां चंद्रघंटा और माता दुर्गा के विविध रूपों की श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। महाकाली मंदिर, महालक्ष्मी मंदिर, पंचकुइयां मंदिर, कैमासन मंदिर, लहर की माता मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दर्शन उपरांत पोशाक एवं प्रसाद अर्पण किया। कन्याओं की भी पूजा की और मां जगदंबे के भजन गाए।
देवी आराधना के पर्व शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मां जगदंबे के चंद्रघंटा स्वरूप की पूजा का विधान है। श्रद्धालुओं ने वेद मंत्रों का उच्चारण कर घट एवं अखंड ज्योति की पूजा की। मां जगदंबे की दिव्य मूर्तियों का मोहक श्रृंगार किया और उनकी आरती की। इधर, महानगर के दुर्गा पंडालों में मां की मूर्तियों के दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। देवी मंदिरों एवं दुर्गा पंडालों को नवरात्र के उपलक्ष्य में बिजली की रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया। वहीं, कई दुर्गा पंडालों में दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा कोविड - 19 से बचाव के लिए श्रद्धालुओं को मास्क भी दिए गए।
डांडिया नाइट का आयोजन आज, किया रिहर्सल
झांसी। जेसीआई मनस्विनी, लायंस क्लब युवराज, राजेश साहू क्लब, झांसी महिला व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में मंगलवार को डांडिया नाइट का आयोजन शाम 6:30 बजे से होगा। डांडिया नृत्य कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को महिला प्रतिभागियों ने सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन कर रिहर्सल किया। मधु पासी, शिवानी अग्रवाल, अंजली दत्ता, कोमल, खुशबू दत्ता, रिचा, पूनम मेहता, रजनी गुप्ता आदि ने बताया कि आयोजन को लेकर वह बहुत उत्साहित है।