संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मार्च का महीना शुरू होते ही बिजली की खपत में इजाफा होने लगा है। मई और जून में खपत दोगुनी से अधिक होने का अनुमान है। इस दौरान बिजली चोरी व लाइनलाॅस की घटनाओं को रोकने के साथ ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सात मार्च को मुख्यालय पर अधिकारियों को तलब किया गया है। मुख्यालय पर ही मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
गर्मी शुरू होते ही घरों मेें कूलर, पंखे और एसी चलना शुरू हो जाते हैं। जिसका सीधा असर ट्रांसफार्मरों पर पड़ने लगता है। भार अधिक होने के कारण बिजली विभाग को लाइन लाॅस की समस्या से रूबरू होना पड़ता है। बिजली चोरी के सभी उपाय फेल हो जाने पर मुख्यालय के अधिकारियों ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए बिजली अधिकारियों को मुख्यालय तलब किया है। बैठक में यूपीपीसीएल के एमडी आशीष गोयल विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्व बढ़ाने, मरम्मत के कार्य कराने, एवीआर, गर्मियों में भार की क्षमता के साथ ही कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही बिजली चोरी और लाइन लॉस को रोकने के लिए रूपरेखा तैयार की जाएगी। अधीक्षण अभियंता (शहरी) चंद्रजीत प्रसाद ने बताया कि सात मार्च को मुख्यालय पर सभी अधिकारियों को तलब किया गया है। विभागीय समीक्षा के साथ ही राजस्व बढ़ाने और बिजली चोरी रोकने के लिए अहम फैसला होगा।