रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ी मिली बाइक, परिजनों ने कहा अज्ञात कारण के चलते की आत्महत्या, नए रेलवे माल गोदाम के पास पटरी पर मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। भवन निर्माण का काम करने वाले राजमिस्त्री ने ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली। उसका शव ललितपुर रेलवे स्टेशन के आगे नए माल गोदाम के पास पड़ा मिला। जबकि बाइक रेल लाइन के किनारे रखी मिली।
मंगलवार की शाम को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के आगे नए माल गोदाम के पास रेल पटरी पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां पटरी पर शव पड़ा था। जबकि पटरी किनारे एक बाइक खड़ी थी। मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो एक पर्स मिला। जिसमें आधार कार्ड रखा मिला। जिसके आधार पर मृतक की शिनाख्त कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम लक्ष्मनपुर निवासी कृपाल कुशवाहा (40) पुत्र हल्काई कुशवाहा के रूप में हुई। घटना की सूचना मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। परिजनों ने बताया कि कृपाल पेशे से भवन निर्माण करने का काम करता था। वर्तमान में ललितपुर में इलाईट के पास वह काम कर रहा था। मंगलवार को कृपाल ललितपुर बाइक से आया। यहां से वह अपनी रिश्तेदारी में ग्राम बिरधा गया। 2-3 घंटे यहां रुकने के बाद वह वापिस निकल आया था। देर शाम पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया है। मृतक दो भाई-एक बहन में बड़ा था और उसके एक पुत्र व एक पुत्री है।
20 अप्रैल को पुत्र की है शादी
मृतक के बहनोई दिनेश ने बताया कि कृपाल के एक पुत्र व एक पुत्री है। पुत्री रोशनी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हो गई थी। जबकि पुत्र हम्मीर सिंह की शादी हाल में ग्राम पठा तय की गई थी। जिसमें गोदी-फलदान सहित अन्य कार्यक्रम हो चुके थे। 20 अप्रैल को शादी कार्यक्रम होना है। जिसके लिए निमंत्रण कार्ड आदि सहित अन्य तैयारियां घर में चल रही थी। लेकिन अब कृपाल की मौत हो जाने के बाद सभी तैयारियां धरी की धरी रह गई और घर में मातम छा गया।
-