अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मोंठ के कुम्हरार गांव के पास हुए हादसे में चचेरे भाई के अंतिम संस्कार से लौट रही विवाहिता की मौत हो गई। हादसे में उसका बेटा घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया।
शाहजहांपुर के खड़ऊआ गांव निवासी रामा देवी (45) पत्नी मनीराम रविवार को अपने चचेरे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने अपने मायके मोंठ गई थी। देर शाम बेटे ज्ञान के साथ बाइक से लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही उनकी बाइक कुम्हरार गांव के पास पहुंची पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामा सीधे सिर के बल सड़क पर जा गिरी। सिर में गहरी चोट आ गई। बेटा ज्ञान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर भाग निकला। दोनों घायलों को मोंठ सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने रामा को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग भी रोते-बिलखते पहुंच गए।