फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: आग से जलकर विवाहिता की मौत, छह घंटे बाद पति ने की खुदकुशी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन


झांसी। गुरसराय के सेमरी में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की जलकर मौत हो गई। उसकी मौत की खबर सुन पति ने घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। विवाहिता के परिजनों ने ससुराली जनों पर जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है।

सेमरी गांव निवासी दीपू अहिरवार (30) ने दस साल पहले रिंकी (28) से विवाह किया था। दंपती को आठ साल का बेटा है। सोमवार को घर में पूजा थी। इस दौरान किसी बात पर पति-पत्नी में विवाद हो गया। मंगलवार को भी दोनों में जमकर झगड़ा हुआ। परिजनों का कहना है कि दीपू ने गुस्से में आकर रिंकी की पिटाई कर दी। दोपहर में रिंकी के चीखने-चिल्लाने की आवाज पर जब पड़ोसी पहुंचे तो वह आग की लपटों से घिरी थी। किसी तरह आग बुझाई गई लेकिन, तब तक रिंकी 80 फीसदी झुलस गई थी। उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। दीपू मेडिकल कॉलेज नहीं आया। उपचार के दौरान बुधवार सुबह रिंकी की मौत हो गई।
विज्ञापन

रिंकी की मौत की खबर मिलने के कुछ देर बाद दीपू घर के पास खाली मकान में पहुंचा। यहां उसने छत की बीम से रस्सी से लटक कर जान दे दी।

इनसेट

पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का आरोप
रिंकी के पिता पूंछ के सेसा गांव निवासी हीरालाल ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया। कहा, दीपू शराब पीने का आदी था। शराब पीकर अक्सर रिंकी से मारपीट करता था। रिंकी पर बिना बात के वह शक करता था। इसको लेकर उनके बीच विवाद होता था। उसकी हरकतों से बेटी परेशान थी। कुछ दिन पहले ही उसने फोन पर कहा कि पापा अब थक गए, मर जाएंगे। हीरालाल ने ससुरालीजनों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन


इनसेट
ससुर बोले- खुद आग लगाई, बुझाते समय मेरे हाथ जले

रिंकी के ससुर बनमाली के मुताबिक मंगलवार को बहू और बेटे के बीच झगड़ा हुआ था। बहू ने कमरे में जाकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। बहू को जलता देख मैंने कपड़ा डालकर आग बुझाई। आग बुझाते समय मेरे हाथ जल गए। उधर, मौत से पहले रिंकी ने अपना बयान भी दर्ज कराया है।

000

पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मायके पक्ष के लोग आरोप लगा रहे हैं लेकिन, अभी तहरीर नहीं मिली है। छानबीन की जा रही है।
गोपीनाथ सोनी, एसपी ग्रामीण
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें