महानगर में करीब एक सैकड़ा विवाहघर ऐसे हैं, जिनमें पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसे में शादी तो विवाहघर में होती है और मेहमानों के वाहन सड़क पर खड़े किए जाते हैं। जेडीए ने ऐसे विवाहघरों की जांच के लिए सभी अवर अभियंताओं को जिम्मेदारी सौंप दी है, वहीं सोमवार को इन्हें नोटिस भेजने का काम शुरू हो जाएगा।
झांसी विकास प्राधिकरण की 2013-14 की बोर्ड बैठक में बिना पार्किंग वाले विवाह घरों की सूची बनाने पर सर्वसम्मति बनी थी। इस दौरान जेडीए सदस्य मोहसिन खान एवं प्रतिपाल सिंह ने ज्यादातर विवाहघरों के बाहर सड़क पर खड़ी होने वाली गाड़ियों से सड़क पर लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया था और कहा था कि पार्किंग नहीं होने के कारण विवाहघर के बाहर सड़क पर वाहन खड़े होते हैं।
इससे यातायात व्यवस्था पर असर पड़ता है। इस पर तत्कालीन मंडलायुक्त बीबी सिंह ने ऐसे सभी विवाह घरों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए थे, जिनमें पार्किंग नहीं थी। मंडलायुक्त के निर्देश के बाद कुछ दिनों तक तो पार्किंग जांच का अभियान चला और बाद में ठप हो गया।
अब मंडलायुक्त के राममोहन राव ने विवाह घरों में पार्किंग स्थल की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जेडीए के सभी अवर अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में बिना पार्किंग स्थल वाले विवाह घरों की जांच कर नोटिस देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अवर अभियंता अपने-अपने जोन में बिना पार्किंग स्थल वाले विवाह घरों की जांच करेंगे और नोटिस देंगे। यह कार्य सोमवार से तेज हो जाएगा।
कार्रवाई होगी
बिना पार्किंग स्थल वाले विवाहघरों को जेडीए नोटिस देगा। इसके बाद भी यदि विवाह घर संचालक पार्किंग की व्यवस्था नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। इसके लिए अभियान चलाया जाएगा।
- आरपी मिश्रा, सचिव, जेडीए
पार्किंग जरूरी
शहर में डेढ़ सौ विवाह घर उनकी समिति से जुड़े हैं। करीब सौ विवाह घर ऐसे हैं, जो उनकी संस्था से नहीं जुड़े हैं। विवाह घर में पार्किंग होना जरूरी है। गाड़ी मालिकों को भी चाहिए के वह सड़क पर अपनी गाड़ी पार्क न करें, क्योंकि इससे व्यवधान आता है।
- विवेक स्वामी, केंद्रीय अध्यक्ष, बुंदेलखंड विवाह स्थल एसोसिएशन
जाम लगता है बारात से
उनके विवाह घर में पार्किंग स्थल है। विवाह घर के बाहर सड़क पर जाम लगने की वजह बारात है। क्योंकि, बाराती डांस और आतिशबाजी करते हैं। गाड़ियां सड़क पर खड़ी न हों, इसके लिए विवाह घरों में पांच-पांच गार्ड रखे गए हैं। यह गार्ड गाड़ियों को सड़क पर पार्किंग से मना करते हैं। गाड़ियां सड़क से साइड में उतारकर कच्ची जगह में पार्क की जाती हैं।
- अमित माहौर, संरक्षक, बुंदेलखंड विवाह स्थल एसोसिएशन