पूंछ। दिवाली के महापर्व को लेकर कस्बा पूंछ के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। त्योहार की तैयारियों के बीच लोग घरों की सजावट, कपड़े और पूजन सामग्री सहित जरूरी सामान खरीद रहे हैं। सुबह से शाम तक बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल दिख रही है। कपड़ों, किराना और मोबाइल की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है। इससे व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। किराना व्यापारी अमर सिंह यादव ने बताया कि आठ नवंबर को दिवाली है। लोग अभी से खरीदारी करने लगे हैं। किराना और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
मोबाइल व्यापारी अजय गुप्ता ने जानकारी दी कि विभिन्न मोबाइल कंपनियों की ओर से विशेष छूट और आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। इसके चलते लोग नए मोबाइल खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। कपड़ा व्यापारियों के अनुसार, महिलाएं, पुरुष और बच्चे दिवाली के लिए नए कपड़े खरीद रहे हैं। इससे कपड़ों की दुकानों पर अच्छी ग्राहकी हो रही है। लोग मिठाई सहित अन्य जरूरी सामान भी खरीद रहे हैं।