उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना थाना इलाके के भेल में उधारी की रकम मांगने पर युवकों ने महिला व उसके बेटों को बेल्टों से पीटा। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद और अज्ञात 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बबीना थाना इलाके के भेल चौकी अंतर्गत सुभाष नगर निवासी दीपक गुप्ता की इलाके में मोबाइल की दुकान है। एक युवक ने दुकान से उधार सामान लिया था। रुपये मांगने पर विवाद होने लगा।
दो दिन पहले विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। युवक ने अपने साथी बुलाकर दीपक की मां और उसके भाई को बेल्टों से पीटा। मारपीट से पहले युवकों ने क्षेत्र में जमकर आतंक मचाया।
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने बिजौली निवासी हरीश प्रजापति, गुलशन भार्गव और विपिन समेत 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर सभी की तलाश शुरू कर दी है।