झांसी। अनंतिम आरक्षण को लेकर दर्ज कराई गईं आपत्तियों पर कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। आरक्षण में तमाम विसंगतियों के चलते आपत्तिकर्ता अफसरों से चक्रानुक्रम आरक्षण का फार्मूला सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं।
आपत्तिकर्ताओं का कहना है वार्ड संख्या (46) प्रेमगंज प्रथम, सिविल लाइन पश्चिमी भाग(49), सिविल लाइन दक्षिणी भाग (51) समेत अन्य वार्ड पिछले बीस साल से आज तक आरक्षित नहीं हुए जबकि चक्रानुक्रम आरक्षण में आबादी को भी आधार बनाने का नियम है। आबादी के अंतिम आंकड़ों के आधार पर दावा किया कि वार्ड संख्या 24 में करीब चालीस फीसदी जनसंख्या पिछड़ा वर्ग की है। पिछली बार यह सीट पिछड़ा महिला वर्ग को आरक्षित हुई थी। इस दफा पिछड़ा वर्ग को सीट मिलनी चाहिए लेकिन, इसे एससी कोटे में आरक्षित कर दिया।
कोटे में सीट कम किए जाने को लेकर भी आपत्तियां दर्ज हुई हैं। वार्ड आरक्षण को लेकर 137 लोगों ने आपत्तियां जताई है। ज्यादातर मामले अनुसूचित जाति, महिला एवं पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित सीटों को लेकर दर्ज कराई गई हैं। सोमवार को अपर नगर आयुक्त मो.कमर की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने इन आपत्तियाें पर रिपोर्ट बनाकर तैयार कर ली है। अपर नगर आयुक्त के मुताबिक मंगलवार को यह रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी जाएगी। नगर आयुक्त इनकी सुनवाई करेंगे। 14 दिसंबर तक यह रिपोर्ट तैयार कर लेना है।