संवाद न्यूज एजेंसी
ककरबई। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल-घर घर नल योजना का लाभ क्षेत्र के कई गांवों को तक अब तक नहीं पहुंच सका है। जबकि, विभागीय आंकड़ों में योजना का कार्य पूर्ण दर्शाया जा चुका है। ककरबई सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आज भी नलों से जलापूर्ति शुरू होने का इंतजार है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत कभी पाइपलाइन बिछाने तो कभी घरेलू संयोजन देने के नाम पर गलियों और सड़कों की कई बार खुदाई की गई, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी घरों तक पानी नहीं पहुंचा। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद 2019 से शुरू हुई इस योजना का धरातल पर क्रियान्वयन आज तक नहीं हो सका है।
आज भी पेयजल के लिए हैंडपंपों और अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि कागजों में कार्य पूरा दिखाकर जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जलापूर्ति शुरू कर योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।