झांसी। तेज आंधी व बारिश में शुक्रवार की शाम महानगर के कई स्थानों पर फाल्ट आ गए। पेड़ गिरने से तार टूट गए। इससे कई इलाकों की बिजली बंद हो गई। देर रात तक कर्मचारी फाल्टों को दुरुस्त करने में लगे रहे।
शुक्रवार की शाम करीब पौने पांच बजे आई तेज आंधी व बारिश में ग्वालियर मार्ग पर पालीटेक्निक चौकी के बगल में पेड़ गिरने से हाईटेंशन लाइन के तार टूट गए। पेड़ ने चौकी की चारदीवारी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे थापक बाग, अयोध्यापुरी, फ्रेंड्स कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र और आसपास इलाकों की कई घंटे बिजली बंद रही। इसी तरह बड़ागांव के दुनारा स्थित ट्रांसमिशन सबस्टेशन से गल्लामंडी आने वाली हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आ गए। इससे दो घंटे से अधिक समय तक गल्लामंडी, खुशीपुरा, तालपुरा, कसाई मंडी, कपूर टेकरी, सागर गेट, लक्ष्मी गेट, जुगयाना, ओमशांति नगर, कैलाश रेजीडेंसी समेत आसपास क्षेत्रों की बिजली बंद रही। वहीं, शहर के कई इलाकों में फाल्ट से बिजली बंद रही। इससे लोग परेशान रहे।
- शहर में लगभग प्रत्येक क्षेत्र को 22 घंटे बिजली दी जा रही है। कहीं पर फाल्ट आने पर ही बिजली बंद रहती है। किसी प्रकार की कोई अघोषित कटौती नहीं की जा रही है।
राकेश वार्ष्णेय, अधीक्षण अभियंता (महानगर)।
मरम्मत कार्य के चलते कई क्षेत्रों का बंद रहा करंट
हंसारी सबस्टेशन पर शुक्रवार की सुबह 10 बजे से 12 बजे तक मरम्मत कार्य किया गया। इस अवधि में सबस्टेशन से जुड़े हंसारी, सारंध्रा नगर, कुम्हार टोली, ग्वालटोली, टपरियन, भट्टागांव, सिमराहा, श्रीनगर, खिरकपट्टी, सिंगर्रा क्षेत्रों की बिजली बंद रही, इससे लोग परेशान रहे।
खंभा टेढ़ा हुआ
वार्ड नंबर 31 के अंतर्गत आने वाले श्री गुरु हरकिशन डिग्री कॉलेज से खोड़न जाने वाले शिवपुरी हाइवे पर एक बिजली का खंभा टेढ़ा हो गया है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। यह जानकारी पार्षद वीरसिंह ने दी है।
जेई कक्ष में लगी आग
बड़ागांव स्थित जेई कक्ष में शुक्रवार की शाम शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे कक्ष में रखी फाइलें, मीटर आदि जल गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने मशक्कत कर आग को बुझाया। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) जेपीएन सिंह ने बताया कि जेई कक्ष में आग लग गई थी, जिसे जल्द ही बुझा लिया गया। कोई बड़ा नुकसान नहीं हो सका।