झांसी। बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा का शनिवार को ओमशांति नगर स्थित कार्यालय में जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। यहां काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उन्हें बधाई दी, मगर सबसे ज्यादा चर्चा जनप्रतिनिधियों को लेकर रही। कुछ जनप्रतिनिधि तो बधाई देने पहुंचे लेकिन कुछ ने दूरी बना ली। इसको लेकर कार्यकर्ता तरह-तरह से अपनी प्रतिक्रिया देते रहे।
समारोह के दौरान कार्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत-संगीत और बधाई के स्वरों के बीच उपस्थित लोगों ने विधायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। समारोह में बबीना विधायक को बधाई देने के लिए गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत तो कार्यालय पहुंचे, लेकिन शहर में होने के बावजूद कुछ माननीयों के कार्यक्रम से दूरी बनाना चर्चा का विषय रहा। खासकर एक जनप्रतिनिधि को लेकर इस बात की चर्चा रही कि मनमुटाव अब भी खत्म नहीं हुआ है। हालांकि, बबीना विधायक को बधाई देने वालों में महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, विनोद नायक, विकास कुशवाहा, अरविंद राजपूत, संजीव शृंगीऋषि, सुबोध गुबरेले, राजकांतेश वर्मा, बृजेंद्र राजपूत, संजीव अग्रवाल लाला, राजेश त्रिपाठी, अमर सिंह कुशवाहा आदि भी शामिल रहे।