झांसी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सब्जी व फल मंडी के आढ़तियों की कोरोना जांच कराने का आदेश जारी किया गया है। जिसके चलते सब्जी व फल मंडी के लगभग छह सौ आढ़तियों के साथ ही अठारह सौ कर्मचारियों की जांच की जाएगी। वहीं, मंडी के आढ़तियों ने जांच में सहयोग करने की बात कही है।
कोरोना संक्रमण से मुकाबले के लिए सरकार द्वारा कोरोना जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जगह-जगह पर शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सरकार ने सब्जी व फल मंडी के आढ़तियों के साथ ही मंडी में कार्यरत कर्मचारियों की कोरोना जांच कराने का आदेश जारी किया है। जिसके चलते झांसी की सब्जी मंडी में लगभग डेढ़ सौ आढ़तियों के साथ ही साढ़े चार सौ कर्मचारियों की जांच की जाएगी। वहीं फल मंडी में पचास आढ़तियों व कर्मचारियों को मिलाकर लगभग दो सो लोगों की जांच होगी। मंडी सचिव पंकज शर्मा ने बताया कि सब्जी व फल मंडी में कार्यरत आढ़तियों व कर्मचारियों के कोरोना जांच कराने की सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
सरकार का सराहनीय कदम है। हम सभी व्यापारी इस फैसले का स्वागत करते हैं। जांच में जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम का पूरी तरह से सहयोग किया जाएगा।
अनीस राईन, अध्यक्ष, सब्जी मंडी
कोरोना महामारी के चलते जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों में काफी भय हो गया है। अधिकारियों से गुजारिश है की जो जांच नही कराए तो दबाव नहीं बनाया जाए।
आजाद, अध्यक्ष, फल मंडी
तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए जांच आवश्यक है। मंडी में सभी की जांच होने से संक्रमण की रोकथाम की जा सकती है।
दीपक कुमार, फल आढ़तियां
कोरोना एक जानलेवा बीमारी है। इसकी चेन को तोडने के लिए जांच कराना आवश्यक है। मंडी में करोना संक्रमण का खतरा काफी है। स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग होगा।
रफीक राईन, फल आढ़तियां