झांसी। सब्जी मंडी कांप्लेक्स निर्माण में नगर निगम प्रशासन के रुचि नहीं लेने से यह प्रस्ताव लटक गया है। एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी अब तक व्यापारियों की बैठक नहीं बुलाई गई है। जिससे शहर के विकास का पहिया धीमा होता नजर आ रहा है।
नगर निगम द्वारा सीपरी बाजार में सब्जी मंडी कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाना था। इस संबंध में 18 अप्रैल को नगर निगम प्रशासन और सब्जी व्यापारियों की बैठक हुई थी। आपसी समझौता नहीं होने पर अधिकारियों ने व्यापारियों को एकमत होने के लिए एक माह का समय दिया था, जिससे आपसी समझौते से मंडी कांप्लेक्स का निर्माण कराया जा सके। लेकिन, बैठक हुए डेढ़ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। इससे कांप्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है।
गौरतलब है कि सीपरी बाजार में सब्जी विक्रेताओं द्वारा सड़क पर सब्जी बेचने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है। जाम से सीपरी बाजार को मुक्त कराने के लिए वार्ड नंबर 53 के क्षेत्रीय पार्षद बाल स्वरूप साहू ने सदन व कार्यकारिणी की बैठक में आजाद गंज में मंडी कांप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव दिया था। जिससे सब्जी विक्रेताओं को बैठने की जगह मिल जाएगी, साथ ही अतिक्रमण से भी निजात मिलेगी। प्रस्ताव पर आम सहमति बनने के बाद इस दिशा में व्यापारियों व नगर निगम प्रशासन की बैठक हुई। लेकिन, आपसी राय नहीं बन पाने से बैठक दोबारा होने की रणनीति बनी थी, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है।