झांसी। नवाबाद थानांतर्गत जेल चौराहा पर रविवार की दोपहर एक फौजी की बाइक मैकेनिक से मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर थाने आ गई। मौका मिलते ही थाने से फौजी भाग निकला, जिसे पुलिस ने घेराबंदी करके इलाइट चौराहा के पास पकड़ लिया। देर शाम पुलिस ने लिखा पढ़ी करके फौजी को सेना पुलिस के हवाले कर दिया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे सादा लिबास में एक फौजी अपनी बाइक को सही करवाने के लिए जेल चौराहा पहुंचा। वहां वह मैकेनिक से बाइक की मरम्मत करवाने लगा। किसी बात को लेकर फौजी का मैकेनिक से झगड़ा हो गया।
इससे वहां पर एकत्रित दुकानदारों ने बीचबचाव करते हुए फौजी का विरोध करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को लेकर थाने पर आ गई। पुलिस ने दोनों को हवालात में बैठा दिया। अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे मौका मिलते ही फौजी थाने से भाग निकला। उसे भागता देख थाना पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस कर्मियों ने पीछा कर इलाइट टाकीज के पीछे स्थित बस्ती में घेराबंदी करके उसे दबोच लिया। थाना पुलिस ने बताया कि फौजी को लिखा पढ़ी करके आर्मी पुलिस (सीएमपी) को सौंप दिया गया है।