अंजनी माता मंदिर के पास पहाड़ी पर नगर निगम अपनी जमीन सुरक्षित करने के लिए बाउंड्रीवाल बनाएगा। इस जमीन पर कुछ लोेगों ने स्वीमिंग पूल और हैलीपेड बनाकर कब्जा कर लिया था।
वार्ड नंबर 31 में अलीगोल में अंजनी माता मंदिर की पहाड़ी पर स्थित जमीन पर नगर निगम की लापरवाही के कारण कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। मंडलायुक्त ने जमीन कब्जा मुक्त कराकर वहां बने हैलीपेड को तुड़वा दिया था। साथ ही नगर निगम को जमीन सुरक्षित करने के निर्देश दिए थे। नगर निगम 35 लाख रुपये से दो चरणों में बाउंड्रीवाल बनवाएगा। करीब पांच सौ मीटर की यह बाउंड्री कार्यकारिणी की बैठक में पास हो गई है, अब सदन की बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा। प्रस्ताव पास होने के बाद टेंडर निकाला जाएगा।
इसके अलावा वार्ड नंबर 31 लहरगिर्द में पाल कालोनी रेलवे क्रासिंग से रतन कुशवाहा के मकान तक सड़क निर्माण कार्य 20 लाख रुपये से होगा। वहीं, वार्ड नंबर 18 गुदरी में गोपाल की बगिया के पास की सड़क पर 18 लाख रुपये से सीसी ब्लाक लगाए जाएंगे।
सड़कें और बाउंड्रीवाल बनाने के प्रस्ताव स्वीकृत हो गए हैं। जल्द ही अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- एके शर्मा
अधिशासी अभियंता