मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रोथ सेंटर बिजौली में औद्योगिक इकाइयों के क्षेत्र में पार्क बनवाए जाएं। नगर निगम इसमें सहयोगी की भूमिका अदा करे।
विकास भवन में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में उन्होंने कहा कि मंडल में एक जिला एक उत्पाद योजना को प्रोत्साहन देने तथा उद्यमियों को अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिल सके, इसके लिए शोरूम खोले जाएं। आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए उत्पादों की सहज ब्रिकी आवश्यक है। व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। उद्योगों को अनापत्ति जारी करने में देरी न की जाए। तीनों जिलों से 10-10 उद्यमियों को लखनऊ में होने वाले सम्मेलन में बांबे स्टाक एक्सचेंज के बारे में जानकारी देने के लिए भेजा जाएगा, इसकी सूची तैयार कर लें। इससे उद्यमी शेयर मार्केट के बारे में जान सकेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति बेहद खराब रही। इस पर उन्होंने सभी एलडीएम को निर्देश दिए कि इसमें व्यक्तिगत रुचि लें। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की प्रगति मंडल में अच्छी नहीं है। इस पर भी ध्यान दें। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी, सीडीओ निखिल टी. फुंडे, संयुक्त आयुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव, एलडीएम रणवीर सिंह, उद्यमी सीएस सक्सेना, राकेश शर्मा, वीरेश्वर शुक्ला मौजूद रहे।