क्रिसमस में एक सप्ताह ही शेष है। शहर में इसकी रौनक नजर आने लगी है। बाजार क्रिसमस ट्री और सेंटा क्लॉज की पोशाकें नजर आ रही हैं, जिनकी बिक्री भी शुरू हो गई है। इसके अलावा लोग घर सजाने के लिए स्टार, स्टीकर, रंगीन बॉल के साथ ही प्रभु यीशु के मंत्रमुग्ध करने वाले चित्र भी ले रहे हैं।
क्रिसमस के नजदीक आते ही घर - घर प्रभु यीशु की महिमा के गीत गाए जाने लगे हैं। पर्व के उत्साह में मसीही परिवार इन दिनों प्रभु यीशु के स्वागत व वंदना के लिए अपने घरों को सजा रहे हैं। उपहार देने के लिए खरीददारी कर रहे हैं। रानी महल स्थित गिफ्ट सेंटर के संचालक प्रवीण सागर अग्रवाल के मुताबिक बाजार में क्रिसमस के मद्देनजर लोगों की पसंद को ध्यान में रखा जा रहा है और क ाफी तरह की आकर्षक चीजें बिक रही हैं। इस बार फोर डी चित्र भी हैं। इसमें प्रभु यीशु और प्रार्थना करती परियों को खास अंदाज में दिखाया गया है। इसके अलावा सामान्य व थ्रीडी चित्र भी बाजार में है। बाजार में नीले, सफेद सहित कई रंगों में चमकदार स्टार, क्रिसमस ट्री सजाने के लिए छोटी घंटियां, रंगीन बॉल, सेंटा क्लाज का चश्मा, स्टीकर आदि भी हैं, जो लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि ये आइटम रंगीन बॉल 50 से 300 रुपये तक, क्रिसमस स्टीकर 80 से 200 रुपये तक, फोर डी चित्र 600 रुपये से, थ्रीडी व सामान्य चित्र 200 रुपये से प्रारंभ, ग्रीटिंग्स कार्ड 20 रुपये से प्रारंभ, सेंटा क्लॉज का चश्मा 60 रुपये में, चरनी 400 रुपये से 500 रुपये, कलर फुल टॉफी 200 रुपये में है।