झांसी। टैक्स चोरी के मामले में राज्य की जीएसटी टीम ने सोमवार रात झांसी और ललितपुर में दबिश दी। टीम ने रात से लेकर सुबह तक कई घंटों तक जांच की और कुल 36 वाहन जब्त कर स्थानीय यूनिट के सुपुर्द कर दिए। फिलहाल इनकी जांच के लिए स्थानीय स्तर पर 9 टीमें गठित कर दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही इनके खिलाफ जुर्माना तय कर कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली से चलकर झांसी-ललितपुर होते हुए मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और साउथ की ओर कई वाहन टैक्स चोरी कर माल ले जा रहे हैं। इसकी शिकायत मुख्यालय जीएसटी विभाग तक पहुंची। टैक्स चोरी के बड़े खेल की आशंका व्यक्त की गई। जांच के लिए मुख्यालय स्तर पर 9 टीमें गठित की गई। सोमवार रात इन सभी टीमों ने बिना स्थानीय अधिकारियों को बताए झांसी और ललितपुर के बीच स्थित हाईवे पर दस्तक दी और रात भर जांच की। टीम ने 36 वाहनों को पकड़ा और उनके दस्तावेज जब्त किए। 27 वाहनों को ललितपुर के विघाखेत स्थित टोल प्लाजा के पास, 8 वाहनों को बबीना और 1 को मेडिकल कॉलेज के समीप पकड़ा। राज्य जीएसटी की टीम ने स्थानीय अफसरों को सूचना दी और उन्हें बुलाकर इन वाहनों को सुपुर्द कर दिया। जांचकर रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। संवाद