झांसी। मेडिकल कॉलेज परिसर में चाकू मारकर नकदी, मोबाइल व बाइक लूटने वाले एक लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने उसके पास से लूटा मोबाइल और 210 रुपये बरामद किए हैं।
तीन जून की दोपहर में एक डॉक्टर का ड्राइवर फूलसिंह (20) पुत्र रामकिशन निवासी करगुवांजी बाइक संख्या यूपी93एके- 5792 से डॉक्टर के घर खाना लेने जा रहा था।
सीनियर ब्वॉयज हॉस्टल के पास सामने से बाइक पर आए दो युवकों ने आवाज देकर उसे रोक लिया। नजदीक आकर बाइक से उतरे एक बदमाश ने उससे लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाश ने गुप्तांग में चाकू मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद लुटेरे उसकी जेब से 800 रुपये, मोबाइल और बाइक लूटकर ले गए थे। लुटेरों की तलाश में जुटी विश्वविद्यालय पुलिस चौकी पुलिस ने शुक्रवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर मेडिकल कालेज के गेट नंबर तीन के बाहर खड़े बदमाशों की घेराबंदी करके रोहित वर्मा पुत्र रामबाबू वर्मा निवासी उन्नाव गेट बाहर कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी दीपक शर्मा उर्फ कल्लू पुत्र महेश शर्मा निवासी सहतौल थाना भांडेर दतिया भाग निकला।
तलाश में रोहित के पास से लूटा मोबाइल व 210 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि लूटी गई बाइक भागे साथी दीपक के पास है। जिसकी तलाश में पुलिस ने संभावित स्थानों पर छापे मारना शुरू कर दिया है।