बारिश के चलते छतरपुर में ठहरा टिड्डी दल मऊरानीपुर के इर्द-गिर्द की जा रही निगरानी झांसी। छतरपुर में बारिश होने की वजह से सोमवार को टिड्डी दल ने उड़ान नहीं भरी। लिहाजा, झांसी को लेकर खतरा टला रहा हालांकि सतर्कता के चलते मऊरानीपुर समेत आसपास के इलाकों में कृषि विभाग ने अतिरिक्त टीमें लगाई थीं। कृषि रक्षा अधिकारी के मुताबिक इसी दिशा से टिड्डी दल के झांसी में प्रवेश करने की आशंका सर्वाधिक बताई गई है॥ टिड्डियों के संभावित हमले को देखते हुए पिछले दो सप्ताह से कृषि टीमें एलर्ट पर हैं। शुरूआती प्रकोप के बाद टिड्डियों का दल मप्र के समीपवर्ती जिलों की ओर निकल गया। यहां पर शिवपुरी, पन्ना, छतरपुर आदि इलाकों में इसने डेरा डाल रखा है। पिछले दिनों टिड्डियों का एक बड़ा दल छतरपुर में नजर आया। कृषि अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को छतरपुर इलाके में बारिश होने की वजह से टिड्डियों ने वहीं डेरा डाले रखा। यहां टिड्डियों के खिलाफ अभियान भी चलाया गया लेकिन बड़ी संख्या में टिड्डियां यहां अभी भी मौजूद हैं। कृषि अधिकारियों को आशंका है कि छतरपुर की तरफ से मऊरानीपुर के रास्ते यह दल झांसी में प्रवेश कर सकता है। कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार के मुताबिक समीपवर्ती इलाकों में अतिरिक्त टीमें लगाई गई हैं। बारिश शुरू होने के साथ ही खरीफ की बुवाई आरंभ हो जाएगी। टिड्डियों पर प्रभावी नियंत्रण न होने से किसानों में चिंता बढ़ने लगी है।